Heart Attack News : मर्चेंट नेवी में सेवा दे रहे कैप्टन संजीव कुमार सिंह की शुक्रवार सुबह अटलांटिक महासागर में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक मृत्यु हो गई। जहाज पर तैनाती के दौरान उन्हें अचानक हृदय संबंधी समस्या हुई, जिससे उनकी जान चली गई।

45 वर्षीय कैप्टन संजीव, जो रामपुर पंचायत के मौजमपुर गांव से ताल्लुक रखते थे, बीते कुछ हफ्तों पहले ही अमेरिका से रवाना हुए थे। उनकी तैनाती एक अंतरराष्ट्रीय मालवाहक पोत पर थी, जो बहामास की ओर जा रहा था। यह खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई।
संजीव सिंह का जीवन हमेशा कर्म और सेवा के इर्द-गिर्द घूमता रहा। सैनिक स्कूल में शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने मर्चेंट नेवी को अपना करियर बनाया और अनुशासन व परिश्रम से कैप्टन के पद तक पहुँचे।
समुद्र में अपने व्यावसायिक कार्यों के बावजूद, वे सामाजिक विकास के लिए भी प्रतिबद्ध थे। ग्रामीण शिक्षा में सुधार लाने के उद्देश्य से उन्होंने अपने गांव में ‘प्रेसिडेंट कलाम मेमोरियल स्कूल’ की स्थापना की, जिससे सैकड़ों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।
उनके छोटे भाई अमित चंद्रा ने बताया कि संजीव मार्च में अवकाश पर घर आए थे, लेकिन अप्रैल की शुरुआत में कंपनी द्वारा बुलाए जाने पर वे पुनः ड्यूटी पर लौट गए। वे जहाज पर मुश्किल से तीन सप्ताह ही बिताए थे कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई।
घटना के दिन सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अपनी पत्नी तृप्ति से वीडियो कॉल के जरिए बात की थी और सीने में दर्द की शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि वे कुछ देर आराम करना चाहते हैं। इसके कुछ घंटों बाद उनके निधन की सूचना मिली।
संजीव सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनका असमय निधन ना केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे गांव और मर्चेंट नेवी समुदाय के लिए एक गहरी क्षति है।
कारोबारी की अचानक मौत, जिम में वर्कआउट करते समय आया दिल का दौरा


