उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर उपजे विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, युवती के चाचा पर हुई मारपीट के बाद उसके पिता को गहरा झटका लगा, जिसके चलते उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

यह है घटना
घटना बुधवार सुबह की है, जब गांव की एक युवती के परिवारजन पड़ोसी युवक के घर उसे समझाने के लिए पहुंचे थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर पहले भी विवाद और आपसी बातचीत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि समझाने के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि युवक के परिजनों ने युवती के चाचा और साथ गए दो अन्य लोगों पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में जब युवती के चाचा घर लौटे, तो यह देख युवती के 50 वर्षीय पिता को अत्यधिक मानसिक आघात पहुंचा। परिवारजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। असमोली थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है और प्रथम दृष्टया युवती के पिता की मौत सदमे से होना प्रतीत होती है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साइकिल चलाते वक्त युवक को आया साइलेंट हार्ट अटैक, मौके पर हुई मौत


