Barwani News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एक हैरान और रिश्तो को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मामले के मुताबिक एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और फिर खुद को निर्दोष साबित करने के लिए थाने में शिकायत दर्ज कराई। 30 नवंबर की रात आशाग्राम बाइपास रोड पर मोहन काग नामक व्यक्ति पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना का पर्दाफाश:
33 वर्षीय महिला सारिका ने थाने में शिकायत की कि लूटपाट के दौरान नकाबपोश बदमाशों ने उसके पति की हत्या कर दी और 50,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 1 दिसंबर को सारिका से पूछताछ की। उसने दावा किया कि बाइक सवार बदमाशों ने उनके रास्ते में रुककर डंडे और लोहे की रॉड से उसके पति पर हमला किया। लेकिन पुलिस को सारिका और स्थानीय लोगों के बयानों में असंगतियां मिलीं।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सारिका का पड़ोसी नवीन बर्फा के साथ अवैध संबंध था। नवीन एक बेकरी चलाता है और पिछले एक साल से बड़वानी में रह रहा है। पूछताछ के दौरान नवीन ने अपराध में साथ देना स्वीकार किया। पुलिस ने नवीन के साथ-साथ उसके साथी कपिल और करण को भी गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी ने अपराध कबूला:
सारिका ने बताया कि नवीन के साथ उसके संबंध पति मोहन काग को पता चल गए थे। इसके बाद दंपति के बीच झगड़े होने लगे। इन झगड़ों से परेशान होकर सारिका ने नवीन से बात करी। जिसके बाद नवीन ने मोहन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना की रात नवीन और उसके साथियों ने मोहन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई:
एसपी जगदीश डावर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह को जिम्मेदारी सौंपी गई, और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर सारिका ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ऐसे मामले यह दर्शाते है कि कैसे व्यक्तिगत रिश्ते और अवैध संबंध किसी को इतना अंधा बना सकते हैं कि वह जीवन खत्म करने जैसा गंभीर अपराध कर बैठते हैं। अब पुलिस ने सारिका, नवीन और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।


