Bhopal News – नगर निगम ने करिश्मा पार्क (छोटा तालाब) में नियमों का उल्लंघन करने पर बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को निगम ने दो संचालकों द्वारा मोटर बोट के अवैध संचालन और रेस्टोरेंट-कैफे के अतिक्रमण पर सख्त कदम उठाते हुए बोटिंग की अनुमति रद्द कर दी और मौके से बोट, टेबल, बेंच, गुमटी सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली।

झील संरक्षण प्रकोष्ठ की टीम ने निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण के निर्देश पर निरीक्षण किया, जिसमें सामने आया कि जिन संचालकों को केवल पैडल और चप्पू बोट की अनुमति थी, वे प्रतिबंधित मोटर बोट का संचालन भी कर रहे थे।
इतना ही नहीं, पार्क और रामसर साइट क्षेत्र में बिना अनुमति देर रात तक कैफे और रेस्टोरेंट का संचालन भी हो रहा था। आरोपियों में मोहम्मद बिलाल और करण यादव (निवासी जहांगीराबाद) शामिल हैं, जिनकी अनुमति को 19 जुलाई को निरस्त कर दिया गया।
निगम की कार्रवाई के मुख्य बिंदु:
- करिश्मा पार्क में मोटर बोट संचालन पर रोक।
- अवैध रेस्टोरेंट और कैफे अतिक्रमण पूरी तरह से हटाया गया।
- बोटिंग की सभी परमिट तत्काल प्रभाव से रद्द।
- जब्त की गई सामग्री में मोटर बोट, टेबल, बेंच, गुमटी आदि शामिल।
अब करिश्मा पार्क सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक केवल आम लोगों के लिए खुला रहेगा – कोई अन्य व्यावसायिक गतिविधि नहीं होगी।
नगर निगम ने साफ किया है कि झील क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और भविष्य में भी सख्त निगरानी जारी रहेगी।
भोपाल में बड़ा ड्रग रैकेट उजागर: डॉक्टर और जिम ट्रेनर की मिलीभगत से चलता था ड्रग रैकेट, दो गिरफ्तार


