Bhopal Drugs Case News – राजधानी में गिरफ्तार किए गए कुख्यात MD ड्रग्स तस्कर यासीन अहमद उर्फ यासीन मछली को लेकर पुलिस जांच में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि यासीन सिर्फ ड्रग्स तस्कर नहीं, बल्कि युवतियों के शोषण, अवैध हथियारों की तस्करी और पत्रकारों को धमकी देने जैसे गंभीर अपराधों में भी शामिल रहा है।

गुप्त फ्लैट में अय्याशी और हिंसा
पुलिस को यासीन के अंसल अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट का सुराग मिला है, जहां वह ड्रग्स के आदी युवकों को बंधक बनाकर पीटता था। इसी फ्लैट में देर रात तक नशे और अय्याशी की महफिलें सजती थीं। फ्लैट से कई आपत्तिजनक इलेक्ट्रॉनिक सबूत, हथियारों के साथ फोटो और अश्लील वीडियो बरामद हुए हैं।
युवतियों से अमानवीय व्यवहार
यासीन पर आरोप है कि वह युवतियों को नशे के लालच में फंसाकर उनके साथ दरिंदगी करता था। पुलिस को मिले वीडियो में कुछ युवतियां बेहोशी की हालत में दिखीं, जबकि कुछ को प्रताड़ित भी किया गया। इन वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेलिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बदनामी के डर से पीड़िताएं सामने आने को तैयार नहीं हैं।
हथियार की भी तस्करी की जांच
यासीन के करीबी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा की गिरफ्तारी के बाद यह सामने आया कि उसने यासीन से 22 बोर का अवैध कट्टा खरीदा था। इससे अवैध हथियारों के नेटवर्क का अंदेशा और गहरा हो गया है।
पत्रकारों को धमकाया
रविवार को यासीन के घर पर छापेमारी के दौरान उसके भाई चिंटू और अन्य समर्थकों ने कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को धमकाया और कैमरे बंद करने की कोशिश की। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल, और अन्य डिवाइस बरामद किए हैं, जिनमें ड्रग्स तस्करों और ग्राहकों की जानकारी मौजूद है।
पुलिस को दर्जन भर युवतियों के वीडियो मिले हैं, जिनमें से कई की पहचान की जा चुकी है। पुलिस काउंसलिंग और परिजनों के माध्यम से उन्हें शिकायत के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि ड्रग्स, हथियार और मानव शोषण के संगठित नेटवर्क की गंभीर झलक है। भोपाल पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासों की संभावना है।
कैब बुक कर कार लूटी, फिर हुआ फरार, आरोपी की तलाश जारी


