
शहडोल पुलिस ने कल्याणपुर के पास संस्कृति महाविद्यालय के निकट चाकू लहराते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मजहर खान के मोबाइल में अवैध हथियारों की तस्वीरें मिलीं। गहन पूछताछ में उसने बताया कि यह हथियार उसे अनुज उर्फ अंशू सोनी और आलिम खान से मिले थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों के पास से एक पिस्टल, रिवॉल्वर, बटनदार चाकू और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में अंशू सोनी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई की हत्या का बदला लेने की फिराक में था। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। मामले में तीनों आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।


