
शहडोल पुलिस अधीक्षक श्रीरामजी श्रीवास्तव ने दूर-दराज से आने वाले लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए एक नई व्यवस्था जिले में लागू की है। अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आगंतुक कक्ष के बाहर एक रजिस्टर रखा गया है, जहां फरियादी अपना नाम, मोबाइल नंबर और आने का कारण दर्ज कर सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीवास्तव ने कहा कि व्यस्तता और बैठकों के कारण कई बार उनसे मिलने आने वाले लोगों से मुलाकात नहीं हो पाती थी, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता था। इसे ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है। अब वह रजिस्टर में दर्ज समस्याओं को पढ़कर संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से निर्देशित करते हैं और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हमारे कार्यालय में आने वाले लोगों को हमारी अनुपस्थिति में भी अपनी समस्याएं दर्ज करने का मौका मिलेगा। मैं कार्यालय में लौटने के बाद इन समस्याओं पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देकर समाधान की प्रक्रिया शुरू करता हूं।”
यह पहल उन लोगों के लिए बहुत उपयोगी है जो दूर-दराज के इलाकों से अपनी शिकायत लेकर आते हैं। यह कदम प्रशासनिक पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।


