Bhopal News – आगामी त्यौहारों के सीजन में रेल यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत देने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। भोपाल मंडल से होकर दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इससे अजमेर, रांची, बीकानेर और शिर्डी जाने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। इन ट्रेनों का संचालन विशेष किराए पर किया जाएगा।

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्री इन पूजा स्पेशल ट्रेनों के ठहराव, समय और किराए की विस्तृत जानकारी नजदीकी स्टेशन, रेलवे हेल्पलाइन 139 और ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त कर सकते हैं।
अजमेर–रांची साप्ताहिक स्पेशल
गाड़ी संख्या 09619 अजमेर से रांची:
- 26 सितम्बर से 28 नवम्बर तक हर शुक्रवार रात 11:05 बजे अजमेर से रवाना होगी और रविवार सुबह 7:30 बजे रांची पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 09620 रांची से अजमेर:
- 28 सितम्बर से 30 नवम्बर तक हर रविवार सुबह 9:15 बजे रांची से चलेगी और सोमवार शाम 6:35 बजे अजमेर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव भोपाल मंडल के गुना, सागर, दमोह और कटनी मुड़वारा स्टेशनों पर रहेगा।
बीकानेर–साईनगर शिर्डी साप्ताहिक स्पेशल
गाड़ी संख्या 04715 बीकानेर से शिर्डी:
- 27 सितम्बर से 29 नवम्बर तक हर शनिवार दोपहर 1:30 बजे बीकानेर से रवाना होगी और रविवार रात 7 बजे शिर्डी पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 04716 शिर्डी से बीकानेर:
- 28 सितम्बर से 30 नवम्बर तक हर रविवार शाम 7:35 बजे शिर्डी से चलेगी और मंगलवार सुबह 5 बजे बीकानेर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव भोपाल मंडल के उज्जैन, भोपाल और इटारसी स्टेशनों पर रहेगा।
यात्रियों को फायदा
त्यौहारों के दौरान आमतौर पर नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में पूजा स्पेशल ट्रेनें यात्रियों को न केवल आरामदायक यात्रा का विकल्प देंगी, बल्कि सीधी कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित करेंगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि समय से पहले टिकट बुकिंग करने पर यात्रियों को सुविधा मिलेगी।


