खुर्जा स्थित एक शॉपिंग मार्ट में काम करते समय एक कर्मचारी की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बगराई निवासी 24 वर्षीय तपेंद्र उर्फ तनु के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। यह पूरी घटना मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना 20 अप्रैल की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तपेंद्र काम करते-करते अचानक जमीन पर गिर पड़ा। अन्य कर्मचारी उसे होश में लाने के लिए पानी के छींटे मारते और सीपीआर देने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। बावजूद इसके, उसे बचाया नहीं जा सका।
कोतवाली खुर्जा नगर प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक की मौत हार्ट अटैक के कारण होने की सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया था।
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर से युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
प्रेम-प्रसंग बना विवाद की जड़, युवती के पिता को आया हार्ट अटैक


