Bhopal News : राजधानी भोपाल की ट्रैफिक व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कंट्रोल रूम में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद आलोक शर्मा ने की, जिसमें पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र और कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ई-रिक्शा संचालन पर कड़ा रुख
बैठक में ई-रिक्शा के अव्यवस्थित संचालन को लेकर चिंता जताई गई। यह भले ही पर्यावरण के लिए अनुकूल साधन है, लेकिन नाबालिग चालकों, बिना लाइसेंस ड्राइवरों, और स्कूली बच्चों की असुरक्षित ढुलाई जैसी समस्याओं के चलते इसे लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल उठे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इसके संचालन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
लेफ्ट टर्न सुधारने को 3 करोड़ का बजट
शहर के 42 लेफ्ट टर्न चिन्हित किए गए हैं, जो ट्रैफिक जाम के प्रमुख कारण बनते हैं। इन स्थानों को दुरुस्त करने के लिए 3 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। PWD और नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द प्राक्कलन तैयार कर कार्य आरंभ करें। इससे चौराहों पर जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि शहर में ट्रैफिक सुगमता के लिए संयुक्त कार्यबल द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। इसमें एडीएम, एएसपी, नगर निगम अधिकारी, एसडीएम और थाना प्रभारी शामिल हैं। साथ ही, मोबाइल कोर्ट संचालित करने की भी तैयारी चल रही है, जिसके लिए रोस्टर बनाया जा रहा है।
पार्किंग व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव
सांसद आलोक शर्मा ने स्मार्ट पार्किंग को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यह आम नागरिकों के लिए होनी चाहिए, न कि मासिक पासधारकों के लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मासिक पास की सुविधा तत्काल समाप्त की जाए। साथ ही सभी पार्किंग स्थल सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक खुले रहें, यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वर्दी का रौब! भोपाल में ASI ने युवक को बेरहमी से पीटा, युवती के पेट में मारा मुक्का


