Bhopal Crime Update : राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में रविवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब तीन बदमाशों ने एक युवक पर चाय की दुकान के पास घेरकर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय शुभम यादव के रूप में हुई है, जो सीहोर जिले के ग्राम नोनीखेड़ी का निवासी था और वर्तमान में भोपाल के गौरव नगर, कोलार रोड पर रहकर ड्रायवरी करता था।

पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई को शुभम का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। यह मामूली बहस अब जानलेवा हमले में बदल गई। रविवार रात करीब 11 बजे, शुभम बंजारी चौराहे पर चाय की दुकान पर पहुंचा ही था कि पहले से घात लगाए बैठे भूपेंद्र, गोलू और आकाश नामक तीन युवकों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से पेट और आंख के पास हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
लहूलुहान शुभम को जब तक उसके भाई नरेंद्र यादव स्थानीय लोगों की मदद से पास के अस्पताल ले जाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया। नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि शुभम ने अस्पताल ले जाते समय हमलावरों के नाम खुद बताए थे।
हत्या का मामला दर्ज
कोलार पुलिस ने शुभम के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
क्षेत्र में दहशत
घटना के बाद कोलार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने एहतियातन इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और बंजारी चौराहे सहित आस-पास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी गई है।
भारी बारिश के बीच ट्रैफिक व्यवस्था जांचने सड़कों पर उतरे कलेक्टर


