
Bhopal Drugs Cases Latest News : राजधानी भोपाल में लव-जिहाद और ड्रग्स से जुड़े मामलों में पहले से बदनाम यासीन अहमद उर्फ यासीन मछली पर एक और संगीन मामला सामने आया है। इस बार उस पर एक कॉलेज छात्र राजी खान के अपहरण, मारपीट और लूट का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर कोहेफिजा पुलिस ने यासीन और उसके दो साथियों अजय और फारूख के खिलाफ आईपीसी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
चलती कार में अपहरण
पीड़ित छात्र ने बताया कि यासीन, अजय और फारूख अचानक उसके पास पहुंचे और चाकू दिखाकर जबरन कार में बैठा लिया। रास्ते में तीनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, मोबाइल और पैसे लूट लिए। इतना ही नहीं, पिस्तौल दिखाकर धमकी दी कि यदि उसने पुलिस से संपर्क किया, तो जान से हाथ धो बैठेगा।
इंस्टाग्राम विवाद बना घटना की वजह
राजी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर कुछ लड़कियों ने यासीन को ब्लॉक कर दिया था। उसे शक था कि यह सब राजी खान के कहने पर हुआ है। इसी रंजिश में यह साजिश रची गई।
रिमांड पर खुल रहे राज
फिलहाल यासीन क्राइम ब्रांच की रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जैसे-जैसे पीड़ित सामने आ रहे हैं, पुलिस को यासीन की आपराधिक गतिविधियों की और जानकारी मिल रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, फरार आरोपियों अजय और फारूख की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
यासीन ‘मछली’ – एक आपराधिक चेहरा
यासीन अहमद उर्फ मछली पहले से ही ड्रग्स तस्करी, लव-जिहाद और अवैध वसूली जैसे मामलों में आरोपी है। सोशल मीडिया पर भी इसकी हरकतें पहले उजागर हो चुकी हैं।
यह मामला सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि शहर की युवा पीढ़ी पर मंडरा रहे खतरे की घंटी है। प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि इस बार यासीन और उसके नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई होगी।
भोपाल में MD ड्रग्स तस्करी पर सनसनीखेज खुलासे: युवतियों का शोषण, अवैध हथियार और पत्रकारों को धमकी


