अल्लामा इकबाल कॉलेज से एक वीडियो सामने आया है, जहां कॉलेज परिसर में ही छात्र और स्टाफ के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना का करीब 28 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार की बताई जा रही है। इन दिनों स्नातक (ग्रेजुएशन) छठे सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरे जा रहे हैं। इसी प्रक्रिया के दौरान फीस को लेकर एक छात्र और कॉलेज स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे मांगे जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कॉलेज स्टाफ ने छात्र को जमीन पर पटक दिया और उसके ऊपर चढ़ गया। इतना ही नहीं, स्टाफ छात्र को धमकाते हुए मुक्का दिखाता नजर आता है। इस दौरान आसपास कई छात्र मौजूद थे, जो इस पूरी घटना को होते हुए देख रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
कॉलेज के प्रधानाध्यापक मोहम्मद हबीबुर रहमान ने इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है, लेकिन शुक्रवार होने के कारण वह पूरे मामले की विस्तृत जांच नहीं कर सके।
उन्होंने वीडियो को एक पक्षीय बताते हुए कहा कि शनिवार को कॉलेज पहुंचकर पूरे मामले की जांच की जाएगी और उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी देखे – Viral Video: Public Place में युवक ने मुस्लिम कपल से की पूछताछ, लोगों ने घेरा


