जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ केलवट्टी गांव की 21 वर्षीय छात्रा कविता के.वी. की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह हासन जिले में दिल का दौरा पड़ने से छात्र की मौत का दूसरा मामला है, जिसने सभी को चौंका दिया है।

परीक्षा के बाद लौटते ही बिगड़ी तबीयत
कविता घर की इकलौती बेटी थी और हासन शहर के एम.जी. रोड स्थित सरकारी महिला प्रथम श्रेणी कॉलेज में बी.कॉम अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह पहले ही तीन विषयों की परीक्षा दे चुकी थी और शेष तीन के लिए तैयारी कर रही थी।
गुरुवार की शाम वह परीक्षा देकर घर लौटी थी। माँ ने उसे पीने का पानी लाने को कहा, तो वह शुद्ध पेयजल संयंत्र से पानी भरकर ला रही थी। तभी उसे अचानक सीने में दर्द महसूस हुआ। उसने माँ से पानी माँगा, लेकिन जब तक माँ पानी लेकर पहुँची, वह ज़मीन पर गिर चुकी थी।
अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम
परिजन उसे तुरंत हासन के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि कविता की मौत हार्ट अटैक (कार्डियक अरेस्ट) से हुई है।
छात्रा की मौत से कॉलेज में शोक
कविता की असामयिक मृत्यु से उसके माता-पिता गहरे सदमे में हैं। साथ ही उसके सहपाठी और कॉलेज के शिक्षक भी गमगीन हैं। परीक्षा होने के बावजूद कई छात्र और शिक्षकों ने श्मशान घाट जाकर कविता को अंतिम विदाई दी।
हासन में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी छात्र की हार्ट अटैक से मौत है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं में बढ़ता तनाव, अनियमित जीवनशैली, खानपान और अत्यधिक मानसिक दबाव इस प्रकार की घटनाओं की वजह बन सकते हैं।
14 साल के छात्र की हार्ट अटैक से मौत, तेज सिरदर्द के बाद बिगड़ी तबीयत


