Bhopal News : शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटर के जरिए अंग्रेजी शराब की पेटियां सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस ने मौके से 66 लीटर अंग्रेजी शराब और एक एक्सेस स्कूटर जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत 1.84 लाख रुपए बताई जा रही है।

झाड़ियों में छिपाई थी शराब
मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने डीबी मॉल के सामने यश बैंक के पास मैदान में छापा मारा, जहां एक युवक झाड़ियों में शराब छिपाकर स्कूटर से तस्करी की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार युवक की पहचान हिमांशु सेन उर्फ छोटा लिल्ली (21 वर्ष) निवासी दूध डेयरी चौराहा, बंगला गली, पंचशील नगर, थाना टीटी नगर के रूप में हुई है। मौके से 8 पेटियों में रखी 88 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसे काली पन्नियों में लपेटकर झाड़ियों में छिपाया गया था।
स्कूटर दोस्त से लिया था उधार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब सप्लाई के लिए उसने अपने दोस्त सत्यम पाण्डेय का एक्सेस स्कूटर उधार लिया था। जब उससे वैध लाइसेंस या कागजात मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।


