मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जिसके मुताबिक ग्वालियर पेपर देने आई जूनियर डॉक्टर से उसके साथी डॉक्टर ने दुष्कर्म किया। 25 वर्षीय पीड़िता दतिया से एमबीबीएस की फाइनल ईयर की बैक परीक्षा देने आई थी, लेकिन उसके साथ उसके साथी डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज के पुराने बॉयज हॉस्टल में दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कंपू थाने में मामला दर्ज कराया है, और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, घटना रविवार शाम की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि परीक्षा के बाद आरोपी डॉक्टर संजय कुमार उसे पुराने बॉयज हॉस्टल के कमरे में ले गया, जहां उसने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।
घटना के बाद पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।


