शहडोल जिले के अटरिया गांव में दर्दनाक हादसा हुआ, जहां डेढ़ साल का मासूम खेलते-खेलते कुएं में गिर गया और उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है, और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, 1 साल 6 माह के अभिषेक यादव (पिता सोनू यादव), अपनी दादी के घर पर कुछ दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह कुएं में गिर गया। उस समय मां घर के अंदर ऑपरेशन के बाद आराम कर रही थीं और अन्य परिजन घर के काम में व्यस्त थे। जब अभिषेक लापता दिखा, तो उसकी तलाश की गई। बाद में घर के कुएं में उसकी लाश तैरती हुई दिखाई दी।
अभिषेक के पिता सोनू यादव, जो सीधी थाना क्षेत्र के निवासी हैं और मजदूरी करते हैं, अपनी पत्नी के ऑपरेशन के लिए अटरिया गांव आए थे। परिवार के मुताबिक, यह हादसा एक सप्ताह के भीतर हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच शुरू कर दी है। मर्ग कायम कर मामले की विवेचना जारी है।


