मध्य प्रदेश के देवास शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस घटना के मुताबिक वृंदावन धाम कॉलोनी में एक घर के फ्रिज में महिला का शव मिला है। मकान मालिक इंदौर में रहते हैं और उन्होंने यह घर किराए पर दिया था। किराएदार भी कभी-कभी यहां आता-जाता रहता था।

देवास की वृंदावन धाम कॉलोनी में मिले इस शव के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हत्या कर शव को छिपाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ऐसे पता चला मामला:
इस हत्या की खबर पुलिस को तब लगी जब शुक्रवार सुबह क्षेत्र में बिजली कटौती के बाद मकान के एक हिस्से से तेज दुर्गंध आने लगी। उसी मकान में रहने वाले दूसरे किराएदार ने बदबू की सूचना मकान मालिक को दी। मकान मालिक ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद दरवाजा खोलने पर फ्रिज में महिला का शव मिला। महिला की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है और उसके हाथ बंधे हुए थे।
यह मकान इंदौर निवासी धीरेंद्र श्रीवास्तव का है, जिन्होंने जून 2023 में इसे संजय पाटीदार नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। संजय ने जून 2024 में मकान खाली कर दिया था, लेकिन कमरे में कुछ सामान वहीं छोड़ दिया था। संजय कभी-कभी घर पर आता-जाता रहता था। पड़ोसियों के अनुसार, वह अकेला ही आता था।
फिलहाल पुलिस संजय की तलाश कर रही है और घटना की जांच में जुटी है।


