बिहार के सहदुल्लाहपुर चकफरीद मधुरापुर गांव में शुक्रवार को हृदयविदारक दृश्य तब देखने को मिला जब 29 वर्षीय बीएसएफ जवान राजू कुमार की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। राजू छुट्टी लेकर अपने चाचा चंद्रदीप राय के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने घर आए थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

सीने में उठा दर्द, नहीं बच सके जवान
राजू कुमार को शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे अचानक सीने में तेज़ दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें तुरंत स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार ही नहीं, पूरा गांव शोक में डूब गया।
राजू कुमार जम्मू-कश्मीर में बीएसएफ की बटालियन में तैनात थे और भारत-पाकिस्तान के बीच हुए ऑपरेशन सिंदूर में भी उन्होंने वीरता के साथ ड्यूटी निभाई थी। साल 2022 में उन्होंने BSF ज्वाइन की थी। उनके बहनोई रविंद्र राय ने बताया कि राजू पूरी तरह स्वस्थ, हंसमुख और जिम्मेदार जवान थे, उन्हें पहले से कोई बीमारी नहीं थी।
बचपन में मां को खोया
राजू की मां का निधन उनके बचपन में ही हो गया था। पिता ब्रजनंदन राय ने अकेले ही उनका पालन-पोषण किया। सेना के प्रति समर्पण और घर के अन्य सात सैन्य सदस्यों से प्रेरित होकर राजू ने भी बीएसएफ की राह चुनी। वे अपने पिता की इकलौती संतान थे।
छुट्टी कैंसिल होने के बाद मिली अनुमति
राजू ने चाचा के निधन के बाद 7 मई को ही छुट्टी के लिए आवेदन दिया था। पहले छुट्टी स्वीकृत हुई, लेकिन अचानक कंपनी ने उसे कैंसिल कर बॉर्डर ड्यूटी पर भेज दिया। बाद में जब माहौल शांत हुआ, तो फिर से छुट्टी मंजूर हुई और वह 17 मई को घर पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद ड्यूटी पर लौटने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।
ढाई साल के बेटे ने दी मुखाग्नि
राजू का अंतिम संस्कार मधुरापुर घाट पर किया गया। पिता ने मृत बेटे को गोद में लिए उनके ढाई साल के पुत्र के हाथों मुखाग्नि दिलाई। यह दृश्य देख वहां उपस्थित हर आंख नम हो गई। सैंकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में भारत माता की जय और राजू अमर रहें के नारों से घाट गूंज उठा।
10 वर्षों से थे विवाहित, दो बच्चों के पिता
राजू की शादी 10 साल पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार में अचानक आई इस त्रासदी ने सबको हिला कर रख दिया है। उनकी वीरगति ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
बैडमिंटन खेलते हुए मैनेजर की अचानक मौत, CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम


