जिले के सेगांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब ITI कॉलेज में लिपिक के पद पर कार्यरत 28 वर्षीय राजू क्षेत्रे की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि उनकी शादी को मात्र 12 दिन ही हुए थे। राजू ने 18 मई को भाग्यपुर निवासी युवती से विवाह किया था।

रात में हुई तबीयत खराब
गुरुवार रात को राजू को घबराहट और बेचैनी की शिकायत हुई। परिजन उन्हें तत्काल सेगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल खरगोन रेफर कर दिया। लेकिन, परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाते समय ही रास्ते में राजू ने दम तोड़ दिया।
शादी में झूमे थे, अब सबकी आंखें नम
राजू के चचेरे भाई सुनील क्षेत्रे ने बताया कि 12 दिन पहले राजू की शादी में वह आदिवासी गीतों पर जमकर नाचे थे। पूरा घर उत्सव में डूबा हुआ था। लेकिन अचानक आए इस हादसे ने परिवार और पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
नवविवाहिता पत्नी और परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
शादी के कुछ ही दिनों बाद पति को खो देने का ग़म नवविवाहिता पत्नी के लिए असहनीय है। राजू के माता-पिता और परिवारजन भी गहरे सदमे में हैं। गाँव में हर कोई इस अनहोनी पर शोक प्रकट कर रहा है। जिस घर में कुछ दिन पहले शहनाइयां गूंजी थीं, अब वहां सन्नाटा पसरा हुआ है।
लगातार सामने आ रहे युवा दिल के दौरे के मामलों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों और समाज दोनों को चिंता में डाल दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक मानसिक तनाव, अनियमित दिनचर्या और खानपान इस तरह की घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
14 साल के छात्र की हार्ट अटैक से मौत, तेज सिरदर्द के बाद बिगड़ी तबीयत


