एक नंबर पर मिलेगी पुलिस, फायर और एंबुलेंस सहायता

भोपाल। मध्यप्रदेश में 15 अगस्त 2025 से ‘डायल 112’ आपातकालीन सेवा शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वतंत्रता दिवस पर इसका शुभारंभ करेंगे। इस सेवा के तहत पुलिस (100), फायर (101) और एंबुलेंस (108) जैसी सभी आपात सेवाओं को एकीकृत कर एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध कराया जाएगा।
नई प्रणाली में GPS युक्त रेस्पॉन्स वाहन, डिजिटल कंट्रोल रूम, लाइव ट्रैकिंग, प्रशिक्षित ऑपरेटर, मोबाइल ऐप, SOS बटन और महिला सुरक्षा अलर्ट जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। सभी जिलों में विशेष प्रशिक्षित फोर्स और मोबाइल यूनिट तैनात की गई हैं, ताकि सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंचे।
सरकार ने सेवा की गुणवत्ता, पहुंच और प्रतिक्रिया समय की निगरानी के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य आपात स्थितियों में त्वरित और एकीकृत सहायता उपलब्ध कराना है।


