
राजधानी भोपाल से सामने आया एक पारिवारिक विवाद चर्चा का विषय बन गया है। यहां एक महिला ने अपने पति को घर से बाहर निकालने के बाद अब कोर्ट में भरण-पोषण की मांग करते हुए केस दर्ज किया है। मामला भोपाल जिला परिवार न्यायालय में चल रहा है और काउंसलिंग के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
शादी के बाद गांव से शहर शिफ्ट, फिर बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी वर्ष 2012 में हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। पति किसान परिवार से है, जबकि पत्नी भोपाल की रहने वाली बताई जा रही है। शादी के बाद महिला ससुराल में संयुक्त परिवार के साथ रहती थी, लेकिन ग्रामीण जीवन से असंतुष्ट होकर उसने पति पर भोपाल में बसने का दबाव बनाया।
परिवार की सहमति मिलने के बाद पति-पत्नी भोपाल आ गए और पति ने अपनी जमा पूंजी से शहर में घर खरीदा।
ससुराल पक्ष ने लगवाए CCTV, विवाद बढ़ता गया
बताया जा रहा है कि महिला के पिता ने घर के आसपास CCTV कैमरे लगवाए थे, जिनसे पति की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी। इसी बीच ससुराल पक्ष द्वारा पैतृक संपत्ति में हिस्सा लेने का दबाव भी बढ़ा, जिसे पति ने माता-पिता के जीवित रहते लेने से इनकार कर दिया।
इन मुद्दों को लेकर विवाद लगातार बढ़ता गया और लगभग एक साल पहले पत्नी ने कथित तौर पर पति को घर से बाहर कर दिया।
मेंटेनेंस के लिए कोर्ट पहुंची पत्नी
फैमिली कोर्ट में महिला ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 के तहत मेंटेनेंस की मांग की है। काउंसलिंग के दौरान पति ने दावा किया कि उसने अपनी बचत से घर खरीदा और अब उसके पास नियमित आय नहीं है, जिससे मेंटेनेंस देना उसके लिए मुश्किल है। बताया जा रहा है कि पति ने पत्नी को वापस साथ रहने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन महिला अपने फैसले पर कायम है।
मामला अभी काउंसलिंग और कानूनी प्रक्रिया में
फैमिली कोर्ट के काउंसलर द्वारा दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। अदालत के निर्देशों के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।


