हैदराबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अपने ही घर की छत पर गांजा उगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि युवक ने नशे की लत के चलते अपनी नौकरी भी खो दी थी।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान सीएच शशिधर के रूप में हुई है, जो हैदराबाद के नाचारम इलाके का निवासी है। प्रोहिबिशन एंड एक्साइज विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जहां आरोपी के घर की छत से गांजे के पौधे बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, छापे के दौरान कुल 17 गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनसे करीब 10 किलो गांजा तैयार होने का अनुमान है। बताया जा रहा है कि कुछ पौधों में फूल भी आ चुके थे और कुछ की ऊंचाई लगभग 3 मीटर तक पहुंच गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पहले एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता था, लेकिन धीरे-धीरे उसे गांजे की लत लग गई। कहा जा रहा है कि वह अपनी सैलरी का बड़ा हिस्सा नशे पर खर्च करने लगा, जिसके चलते उसकी नौकरी छूट गई। इसके बाद उसने खुद ही गांजा उगाना शुरू कर दिया।


