हैदराबाद में फूड सेफ्टी से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। H-FAST (Hyderabad Food Adulteration Surveillance Team) की छापेमारी में हजारों किलो मिलावटी चाय पाउडर पकड़ा गया है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
अधिकारियों के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में 15 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 3000 किलो मिलावटी चाय पाउडर, 1500 किलो एक्सपायर्ड चाय पाउडर बरामद किया गया। इसके अलावा नकलीपन के लिए इस्तेमाल होने वाले आर्टिफिशियल कलर और करीब 100 किलो गुड़ भी जब्त किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी कम गुणवत्ता वाला चाय पाउडर कोलकाता, केरल और असम से मंगाते थे। इसके बाद उसमें केमिकल और सिंथेटिक रंग मिलाकर उसे “ब्रांडेड” चाय की तरह पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था।
यह नकली चाय खासतौर पर रोडसाइड चाय दुकानों और कुछ रेस्टोरेंट्स तक सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ फूड सेफ्टी एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सप्लाई चेन कितनी बड़ी है। हैदराबाद का यह खुलासा दिखाता है कि रोजमर्रा की चीजों में भी मिलावट का बड़ा खेल चल रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सतर्क रहने और संदिग्ध प्रोडक्ट से बचने की जरूरत है।


