उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब जयमाला के दौरान दूल्हा अचानक स्टेज पर गिर पड़ा। खुशी का माहौल कुछ ही मिनटों में तनाव में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
क्या हुआ मैरिज हॉल में?
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के विजय नगर निवासी युवक मिंटू की बारात हापुड़ के बुलंदशहर रोड स्थित एक मैरिज हॉल में आई थी। शादी समारोह सामान्य रूप से चल रहा था, दूल्हा डांस भी कर रहा था। लेकिन जैसे ही जयमाला की रस्म शुरू हुई, उसे अचानक चक्कर आया और वह स्टेज पर गिर पड़ा।
दूल्हे को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। बताया जा रहा है कि अब उसकी हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है। दूल्हे के गिरने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि दुल्हन पक्ष ने नाराज होकर बारात को रोक लिया और शादी से इनकार कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी भी हुई।
पुलिस पहुंची, मामला शांत कराया
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। गोली चलने की सूचना भी दी गई थी, लेकिन जांच में यह खबर गलत निकली। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई और मामला शांत कराया।
दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगाया, जबकि दूल्हे पक्ष ने इसे पूरी तरह गलत बताया। वहीं, दहेज को लेकर भी आरोप लगाए गए, जिससे विवाद और बढ़ गया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच दुल्हन की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। शादी टूटने की आशंका के बीच वह भावुक हो गई।


