इंदौर जिले से बच्चो की सुरक्षा को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए स्कूली बच्चों में बांटने के लिए खरीदे गए लड्डुओं में कीड़े मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मामला धमनाई पंचायत के सोनगुराड़िया गांव का है।

बच्चों को बांटे जा रहे थे करीब 40 किलो लड्डू
जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के लिए माध्यमिक स्कूल के बच्चों में बांटने के लिए करीब 40 किलो लड्डू खरीदे गए थे। लड्डू बाटने के दौरान करीब आठ साल की एक बच्ची ने लड्डू में कीड़े होने की शिकायत की। शिकायत सामने आते ही ग्रामीणों ने लड्डुओं का वितरण रुकवाकर पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी। बच्चों को भी लड्डू खाने से रोक दिया गया। इस दौरान 2 बच्चों के पेट में दर्द होने लगा।
खाद्य विभाग ने दुकान पर की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम खजराना स्थित उस दुकान पर पहुंची, जहां से लड्डू खरीदे गए थे। टीम ने दुकान से लड्डू जब्त किए और उसे सील कर दिया। अधिकारियों ने लड्डुओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। खाद्य विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
धमनाई पंचायत के सरपंच सीताराम चौहान के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए बच्चों में वितरण के उद्देश्य से खजराना स्थित योगेश शर्मा की दुकान से करीब 40 किलो लड्डू खरीदे गए थे। वितरण के दौरान बच्चों ने लड्डुओं में कीड़े होने की शिकायत की, जिसके बाद तुरंत वितरण बंद करा दिया गया।
प्रशासन की कार्यवाही
नायब तहसीलदार योगेश मेश्राम ने भी बताया कि बच्चों के लिए खरीदे गए लड्डुओं को लेकर शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग को सूचना दी गई थी। विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए लड्डू जब्त किए और दुकान सील कर दी।
फिलहाल लड्डुओं के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि खाद्य सामग्री में खराबी या अन्य किसी तरह की समस्या किस स्तर पर थी। यह मामला स्कूली बच्चों को वितरित किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करता है। प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद आगे की तस्वीर साफ होगी।


