Raisen News: रायसेन के बरेली थाने में तैनात 60 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर सुभाष सिंह का गुरुवार दोपहर बाइक चलाते समय हार्ट अटैक से अकस्मात् निधन हो गया। सुभाष उत्तर प्रदेश के बनारस के रहने वाले थे, उनके रिटायरमेंट में मात्र दो महीने बचे थे।

घटना उस समय घटित हुई जब सुभाष ने बरेली के पास एक पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया। वह पंप से लगभग 50 मीटर ही बाइक से बढे थे कि उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और उन्होंने बाइक पार्क करने की कोशिश की। इसी दौरान वह बाइक से गिर पड़े। घटनास्थल पर लोगो ने भीड़ इकट्ठा हुई लेकिन किसी ने भी सब-इंस्पेक्टर की मदद करने की कोशिश नहीं की। सुभाष लगभग दो से तीन मिनट तक सड़क पर पड़े रहे, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें गश्ती वाहन से बरेली अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने लगभग 30 मिनट तक इलाज किया, लेकिन वह रिकवर नहीं हुए जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि उनकी मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक था।
सुभाष के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया उनके गृह नगर बनारस, उत्तर प्रदेश में पूरी की जाएगी।
पढ़िए मध्य प्रदेश की लेटेस्ट न्यूज़, सिर्फ भाग्य विधाता न्यूज़ वेबसाइट पर


