
केदारनाथ में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के शीतकालीन 55 वर्षीया सुरक्षा कर्मचारी गिरिजा शंकर शुक्ला का हार्टअटैक से निधन हो गया। 30 दिसंबर की रात उन्होंने भोजन करने के बाद अपने कमरे में विश्राम किया था। अगले दिन सुबह जब उनका दरवाजा काफी समय तक नहीं खुला, तो अन्य कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। जब किसी तरह दरवाजा खोला गया, तो उन्हें बिस्तर पर मृत पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बीकेटीसी के सीईओ विजय प्रसाद थपलियाल ने जिला प्रशासन को सूचित किया। जिला अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को हेलिकॉप्टर से गुप्तकाशी और फिर एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल, रुद्रप्रयाग भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार को उनके पैतृक घाट पर अंत्येष्टि की गई।
गिरिजा शंकर शुक्ला कालीमठ घाटी के कुणजेठी गांव के निवासी थे। उनकी इस असामयिक मृत्युपर प्रशासन और मंदिर समिति ने शोक व्यक्त किया और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।


