महाकुंभ में श्रद्धा की डुबकी लगाने आई मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की 60 वर्षीय मोहिनी शर्मा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें उनके देवर भूपेंद्र शर्मा केंद्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोहिनी शर्मा के साथ 200 लोगों का दल तीन बसों में सवार होकर सोमवार सुबह महाकुंभ में स्नान करने आया था। नैनी पुल पर पहुंचते ही मोहिनी अचानक अचेत हो गईं। जिसकी सुचना तुरंत एंबुलेंस को दी गई, लेकिन 15 मिनट तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस की गाड़ी से उन्हें सेक्टर-2 स्थित केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच के बाद मौत की पुष्टि की।
मोहिनी के देवर भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी तबीयत यात्रा के दौरान सामान्य थी, लेकिन अचानक बिगड़ गई। केंद्रीय अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. मनोज कौशिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हार्ट अटैक का लग रहा है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
महाकुंभ में इस प्रकार की घटनाओं ने श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की हिदायत दी है, खासकर ठंड और भीड़भाड़ के कारण स्वास्थ्य का ध्यान रखने की आवश्यकता पर बल दिया जा रहा है।


