Family Dispute News: मध्य प्रदेश के गुना जिले में पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का मामला सामने आया है। मामले के मुताबिक एक 30 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक के परिवार ने ससुराल पक्ष के लोगो पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

यह है घटना:
गोकुल सिंह चक के निवासी अरमान खान, पुत्र शहजाद खान, का शव उनके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सुबह करीब 4 बजे यह घटना सामने आई। घटना के पहले अरमान अपने पिता के साथ एक ही पलंग पर सो रहे थे। पिता शहजाद को भनक तक नहीं लगी कि उनका बेटा ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
अरमान की मां का निधन उसके बचपन में ही हो गया था। पिता शहजाद ने अकेले ही अरमान की परवरिश की और करीब 10 साल पहले उसका विवाह करवाया था। अरमान के बच्चो में एक बेटा और एक बेटी है।
घटना से एक दिन पहले, अरमान अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए ससुराल गया था। पिता शहजाद के अनुसार, वहां उसके बेटे के साथ मारपीट की जा रही थी। जब शहजाद मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि 10 से अधिक लोग अरमान को पीट रहे थे। किसी तरह वह अरमान को बचाकर घर ले आये और उसे अपने साथ सुला लिया।
आत्महत्या की संभावित वजह:
शहजाद का कहना है कि उनकी बहू के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध थे, और वह भी इस झगड़े और मारपीट में शामिल थी। इसके अलावा, अरमान को उसके बच्चों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा था। मारपीट और पत्नी की बेवफाई से परेशान होकर ही अरमान ने अपनी जान देने का फैसला किया होगा।
पुलिस जांच जारी:
फिलहाल, कैंट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अरमान के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अब देखना यह है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों को कब तक न्याय के कटघरे में लाया जाता है।


