इंटरनेट की दुनिया हमेशा चौंकाने वाली कहानियों से भरी रहती है, ऐसे में कब कौन-सा दिलचस्प मामला वायरल हो जाए, कहना मुश्किल है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही मजेदार किस्सा सामने आया है, जिसे देखकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। यह मामला कुछ बच्चो का है जिसकी मासूमियत और जिद्द ने पुलिस स्टेशन में सभी को हैरान कर दिया।

वायरल हो रहा वीडियो आंध्र प्रदेश के करनूल ज़िले का है यह वीडियो आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा 25 नवंबर 2021 को ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि एक बच्चे की पेंसिल चोरी हो गई थी, और उसने इस मामले की शिकायत टीचर से करने की जगह सीधे पुलिस थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर डाली। बच्चे ने पुलिस से शिकायत की कि उसकी क्लास में पढ़ने वाला एक अन्य छात्र उसकी पेंसिल चुराता है और अब तक उसकी तीन पेंसिल गायब कर चुका है।
इस मजेदार वाकये का वीडियो आंध्र प्रदेश पुलिस के ट्विटर हैंडल पर साझा किया गया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि एक बच्चा, चेक शर्ट पहने हुए, पुलिस के सामने अपनी पेंसिल चोरी की शिकायत कर रहा है। पुलिस अधिकारी भी बच्चे की शिकायत को गंभीरता से सुनते हैं और उसे समझाने की कोशिश करते हैं।
पुलिस ने ऐसे सुलझाया मामला:
पुलिस ने इस मामले में दोनों बच्चों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस बच्चों को हाथ मिलाने और मामले को खत्म करने के लिए कहती है। और फिर बच्चे को समझा-बुझाकर इस मुद्दे को शांत कर दिया जाता है, और आरोपी बच्चे को भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी जाती है।
वायरल हो रहा वीडियो तेलुगू भाषा में है, लेकिन बच्चों की मासूमियत और पुलिस की अनोखी प्रतिक्रिया हर किसी का दिल जीत रही है। आंध्र प्रदेश पुलिस ने इस वीडियो के साथ लिखा, “प्राथमिक स्कूल के बच्चे भी आंध्र प्रदेश पुलिस पर भरोसा करते हैं।”
वीडियो वायरल होने के बाद न सिर्फ हंसी-मजाक का विषय बन रहा है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे बच्चे छोटी-छोटी चीजों को गंभीरता से लेते हैं। इसके साथ ही, यह घटना पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास को भी उजागर करती है।


