हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना सिटी थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिस सुरक्षा अधिकारी धर्मवीर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। इस घटना से हरि नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिसके बाद शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जखोपुर में किया गया।

परन्तु अफसोस की बात यह रही कि ड्यूटी के दौरान 45 वर्षीय धर्मवीर की मौत के बावजूद भी कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ।
सेना से आए थे पुलिस में:
हरि नगर के निवासी 45 वर्षीय धर्मवीर पहले भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे। करीब 4 साल पहले उन्होंने हरियाणा पुलिस में पीएसओ के रूप में काम शुरू किया और सोहना सिटी थाने में तैनात थे।
गुरुवार रात को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उनके साथी उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही वह अचेत होकर गिर गए। सोहना के अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।


