Niwari News: मध्य प्रदेश की निवाड़ी पुलिस ने रंगपंचमी के दिन हुए हत्याकांड की साजिश से पर्दा उठा दिया है। रंगपंचमी के दिन महेंद्र कुशवाहा नामक व्यक्ति की मौत हो गयी थी जिसके बाद पुलिस जांच में पता चला की डीजे साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया था, जहां दो आरोपियों ने महेंद्र की हत्या की थी।
रंजिश में बनाई हत्या की साजिश
पुलिस जांच में पता चला की मृतक और आरोपी सतेंद्र यादव व निक्की अहिरवार के बीच पुरानी दुश्मनी थी। होली के दौरान जब सतेंद्र ने महेंद्र से डीजे सिस्टम मांगा, तो उसने देने से मना कर दिया। इसी बात से गुस्साए आरोपियों ने रंगपंचमी पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
19 मार्च की रात करीब 8 बजे आरोपियों ने महेंद्र को शराब पार्टी में शामिल होने के बहाने बुलाया। जैसे ही महेंद्र वहां पहुंचा, सतेंद्र ने कट्टा निकालकर उसकी गर्दन पर तान दिया और बिना किसी झिझक के गोली दाग दी। गोली लगते ही महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर व्याटा के जंगल में दबिश देकर सतेंद्र यादव (36) और निक्की अहिरवार (33) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 315 बोर का कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और एक काली पल्सर बाइक बरामद की गई।
विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से दोनों आरोपियों को धर दबोचा। दोनों आरोपी निवाड़ी के वार्ड नंबर 4 के रहने वाले हैं।
बिजली बिल नहीं भरा तो जब्त हुई मोटर और बाइक, आगे इन गांव में चलेगा जब्ती अभियान