उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध प्रदर्शन ने शुक्रवार को उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने कई घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर उन्हें बिजली विभाग के कार्यालय के सामने रख दिया और धरने पर बैठ गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मौदहा में गुरुवार से ही स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा था। स्थानीय लोगों के साथ कुछ राजनीतिक कार्यकर्ता और महिलाएं भी इस प्रदर्शन में शामिल थीं। उनकी मांग थी कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं।
शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने विरोध को तेज करते हुए कई घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ लिए। इसके बाद वे इन मीटरों को लेकर जुलूस की शक्ल में बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए धरना खत्म कराया और कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
अधीक्षण अभियंता ज्ञान चंद्र यादव ने बताया कि कुछ लोगों ने मीटर उखाड़कर प्रदर्शन स्थल पर रख दिए थे। उन्होंने कहा कि जिन घरों से मीटर हटाए गए हैं, उनका डेटा इकट्ठा किया जा रहा है और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना मीटर बिजली का उपयोग करना कानून का उल्लंघन है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे जनसमस्या से जोड़ रहे हैं, तो कुछ कानून व्यवस्था के लिहाज से सवाल उठा रहे हैं। हमीरपुर का यह मामला दिखाता है कि स्मार्ट मीटर को लेकर असंतोष कई जगहों पर बढ़ रहा है। हालांकि, विरोध के तरीके और कानून के पालन को लेकर प्रशासन सख्ती बरत रहा है।
गोलगप्पे के बाद बवाल: पपड़ी को लेकर विवाद, देर रात पेट्रोल डालकर दुकान में लगाई आग


