जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में अरविंद दुबे ने फोटो युक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया और बताया कि जिले में जेंडर रेश्यो और ईपी रेश्यो में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि 29 अक्टूबर 2024 को जिले का ईपी रेश्यो 64.92 प्रतिशत था, जो की अब बढ़कर 65.79 प्रतिशत हो गया है। इसी प्रकार, जेंडर रेश्यो 926 से बढ़कर 932 हो गया है। प्रारूप प्रकाशन के समय कुल 532,330 पुरुष मतदाता, 492,902 महिला मतदाता और 24 अन्य मतदाता, कुल मिलाकर 1,025,256 मतदाता थे।
इस दौरान 16,709 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, 5,504 नाम हटाए गए, और 8,800 नाम पर संशोधन हुए। 24 दिसंबर 2024 तक सभी आवेदनों का निराकरण किया गया। अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या 1,038,935 हो गई, जिसमें 537,856 पुरुष, 501,056 महिलाएं और 23 अन्य शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले में 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 27,762, पीडब्ल्यूडी मतदाताओं की संख्या 11,451, 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता 5,953, और 543 सर्विस वोटर हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्य 15,676 था, जबकि 16,709 नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त हुए, जो लक्ष्य का 106.5% है।
बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटो युक्त मतदाता सूची की प्रतियां वितरित की गईं। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष शर्मा, निर्वाचन पर्यवेक्षक, और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।