शहडोल से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है जिसमे बेटे ने पिता के शव को मुखागिनी देने के लिए मां से पैसो की मांग कर दी।

Shahdol News: शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कछियान टोला निवासी पार्वती बर्मन पति स्व. रामस्वरूप बर्मन के एक पुत्र और दो बेटियाँ हैं। जिनमे उनका पुत्र मनोज बर्मन शादीशुदा है। मनोज अपने माता-पिता से रोज़ाना पैसो की मांग करता रहता था और मांग पूरी नहीं होने पर वह अपने परिवार के साथ ब्यौहारी में किराए से रहने लगा था।
मनोज उसके पिता की मृत्यु से एक दिन पहले घर आया था और डेढ़ लाख रुपए मांगे थे। परन्तु मां ने रुपये न होना कहकर उसे मना कर दिया। जिससे नाराज मनोज रात में वहां से चला गया और अगली सुबह जब उसके पिता की बीमारी से मृत्यु हो गयी तो माँ ने उसे मौत की खबर देकर घर आने को कहा। लेकिन मनोज ने बोला की उसे पैसे भेजो, तब ही वह घर आएगा, वरना नहीं।
जिसके बाद मां ने रोकर दुहाई दी बार-बार आग्रह किया और अभी पैसे नहीं होने की बात की। लेकिन इतने के बाद भी मनोज नहीं माना और कहा की घर बेचकर मुझे पैसे दो नहीं तो वह पिता को मुखागिनी नहीं देगा। माँ के अलावा उसकी पत्नी ने भी उसे फोन कर बुलाया पर वह नहीं आया और अपना मोबाइल बंद कर लिया।
पत्नी ने दी मुखागिनी:
बेटे के नहीं आने पर मृतक की पत्नी पार्वती ने अपने पति को मुखागिनी दी और अंतिम संस्कार किया। जिसके दो दिन बाद मां ने अपनी लड़कियों सुषमा और सुमन के साथ ब्यौहारी थाने में घटनाक्रम की जानकारी देते हुए लड़के के विरुद्ध केस दर्ज करवाया और कार्रवाई की मांग की है।


