शहडोल जिले में ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खड्डा गांव में दो सगे भाइयों की जानवरो के शिकार के लिए लगाए हुए करंट से मौत का मामला सामने आया है। यह इस तरह की पहली घटना नहीं है पहले भी ऐसी घटना सामने आ चुकी है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर मौके से करंट के तार जब्त कर लिए हैं।
शहडोल जिले में जानवरो के करंट से शिकार की घटनाये लगातार बढ़ती जा रही है। जानवरो के शिकार के लिए लोग ज़मीन पर करंट की तार बिछा देते है। इसी कारण शहडोल जिले में ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खड्डा गांव में दो सगे भाइयो की इन करंट वाले तारो के संपर्क पर आने मौत हो गयी है। घटना उस समय घटी जब दोनों भाई अपने खेत से लौट रहे थे और जंगल के पास लोढ़ा धार नाले के निकट गुजर रहे थे, जहां जंगली जानवरों को मारने के लिए शिकारी द्वारा करंट का जाल बिछाया गया था।
घटना में बड़े भाई कैलाश की मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि करंट किसने लगाया था। वन्यजीवों के शिकार के लिए करंट बिछाने के मामलों में यह घटना कोई पहली नहीं है। जिले में जंगलों के पास अकसर शिकारी जंगली जानवरों को फंसाने के लिए करंट लगा देते हैं, जिससे इंसानों की भी जान जा रही है। पिछले एक महीने में करंट की चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें उमरिया और देवलौंद में हुई घटनाएं भी शामिल हैं।
बांधवगढ़ और संजय गांधी टाइगर रिजर्व के पास स्थित इस क्षेत्र में जंगली जानवरों का आवागमन होता रहता है, जिससे शिकारियों द्वारा करंट बिछाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शिकारी बिना किसी रोक-टोक के करंट बिछा रहे हैं और विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
Shahdol News: रेंजर के घर में घुसकर मारपीट करने पर तीन पर केस दर्ज